विजयी विश्व तिरंगा प्यारा

झण्डा ऊँचा रहे हमारा
विजयी विश्व तिरंगा प्यारा – 2
झण्डा ऊँचा रहे हमारा

सदा शक्ति बरसाने वाला
प्रेम सुधा सरसाने वाला
वीरों को हर्षाने वाला
मातृभूमि का तन मन सारा – 2
झण्डा ऊँचा रहे हमारा …

स्वतंत्रता के भीषण रण में
लखकर जोश बढ़े क्षण क्षण में
काँपे शत्रु देखकर मन में
मिट जावे भय संकट सारा
झंडा ऊँचा रहे हमारा

आओ प्यारे वीरों आओ
देश धर्म पर बलि-बलि जाओ
एक साथ सब मिल कर गाओ
प्यारा भारत देश हमारा
झण्डा ऊँचा रहे हमारा …

शान न इसकी जाने पाये
चाहे जान भले ही जाये
सत्य की विजयी कर दिखलाएं
तब होए प्रण पूर्ण हमारा – 2
झण्डा ऊँचा रहे हमारा …

रचनाकार : श्यामलाल गुप्त ‘पार्षद’